रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने वाले शूटर सहित चार आरोपी पकड़ाए, अब तक 9 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार.
मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पिछले दिनों फायरिंग हुई थी। मुंबई पुलिस ने हरियाणा पुलिस की एसटीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शूटर और उसके तीन साथियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक यादव (निवासी बहाबीजौली, जिला आगरा), दीपक (निवासी सेक्टर-45 सादरपुर, नोएडा), सनी (निवासी बहाबीजौली, आगरा) और सोनू (निवासी बहाबीजौली, आगरा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक आरोपी ने फायरिंग की थी, जबकि बाकी उसके मददगार हैं। इससे पहले पुलिस ने 5 आरोपियों को पुणे और आसपास के इलाकों से गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों के नाम आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकट और आसाराम फसले उर्फ बाबू (हथियार सप्लायर) हैं। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड शुभम लोणकर बताया जा रहा है, जो अभी फरार है।
उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी की तड़के रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस को विले पार्ले पश्चिम स्थित एक होटल के पास से एक लावारिस स्कूटर मिला था, जो शेट्टी टॉवर से करीब दो किलोमीटर दूर खड़ा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कूटर से भौतिक सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि सेकेंड हैंड होंडा डियो स्कूटर पुणे के कर्वे नगर निवासी अमन मरोटे से खरीदा गया था। यह स्कूटर 19 वर्षीय आदित्य गायकी ने खरीदा था, जो पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल है।