मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED सख्त, टीना अंबानी को जल्द भेजा जाएगा नया समन; न्यूयॉर्क प्रॉपर्टी डील की जांच.
मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED सख्त, टीना अंबानी को जल्द भेजा जाएगा नया समन; न्यूयॉर्क प्रॉपर्टी डील की जांच
प्रवर्तन निदेशालय (ED) रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी और पूर्व फिल्म अभिनेत्री टीना अंबानी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए जल्द ही नया समन जारी करने जा रहा है। अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की।
ईडी ने टीना अंबानी को सोमवार को पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हुईं। इसके बाद अब एजेंसी उन्हें दोबारा तलब करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, टीना अंबानी से न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी कॉन्डोमिनियम की खरीद से जुड़े मनी ट्रेल को लेकर पूछताछ की जानी है।
इस मामले में ईडी पहले ही रिलायंस कम्युनिकेशंस के पूर्व प्रेसिडेंट पुनीत गर्ग को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी का मानना है कि इस प्रकरण से जुड़े वित्तीय लेन-देन की कड़ियां विदेशी संपत्तियों तक जाती हैं।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद ईडी ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप के खिलाफ कथित बैंक फ्रॉड और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के कई मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया है। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में जांच तेज होती नजर आ रही है।