बीएमसी चुनाव के शुरुआती रुझानों के बीच शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने लगाए मतदान के दौरान गड़बड़ियों के आरोप.
मुंबई। बीएमसी चुनाव परिणाम के शुरुआती रुझानों में भाजपा गठबंधन आगे निकलती दिख रही है। मतगणना के बीच ही शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है। संजय राउत ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं और लोकतंत्र को कमजोर किया गया है।
राउत ने कहा कि मतदाता सूची से हजारों लोगों के नाम गायब थे। जिन इलाकों में शिवसेना को मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद थी, वहां बड़ी संख्या में वोट ही दर्ज नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर जनता किसी और को वोट दे रही थी, लेकिन ईवीएम में वोट कमल निशान पर दर्ज हो रहा था। इस आरोप के जरिए उन्होंने सीधे तौर पर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।म संजय राउत ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान खुलेआम पैसा बांटा गया और सत्ता के दबाव में मतदान को प्रभावित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था को 'सताघारी लोकशाही' करार देते हुए कहा कि ताकत और धन के दम पर चुनाव जीते जा रहे हैं।