इंदौर से रायपुर जा रहे इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, फॉल्स अलार्म के संकेत के बाद पायलट ने लिया फैसला, फ्लाइट निरस्त.


इंदौर। इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी। उड़ान भरने के बाद ही विमान में फॉल्स अलार्म के संकेत आने लगे। इसके बाद पायलेट ने इंदौर एटीसी को आपात लैंडिंग की सूचना दी। विमान फिर इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा और उसकी जांच की गई। सुरक्षा कारणों से इंदौर-रायपुर उड़ान निरस्त कर दी गई और यात्रियों का पैसा लौटा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E 7295 रोजाना सुबह 6:35 बजे इंदौर से उड़ान भरती है और सुबह 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड करती है। वापसी में यही फ्लाइट 6E 7296 रायपुर एयरपोर्ट से सुबह 10:30 बजे उड़ान भरती है और दोपहर करीब 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर वापस आती है। बुधवार सुबह साढ़े छह बजे इंडिगो की फ्लाइट ने उड़ान भरी, लेकिन आधे घंटे बाद ही तकनीकी खराबी आई। विमान आधे से ज्यादा सफर तय कर चुका था, लेकिन पायलेट ने जोखिम उठाने के बजाए फिर इंदौर विमानतल पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। कुछ देर में पायलट ने फ्लाइट को यात्रियों के सामने वापस इंदौर लाने की घोषणा कर दी। सुबह 7.15 बजे इंदौर में विमान की लैंडिगं की गई। फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने की बात सुनकर विमान में सवार यात्री काफी घबराए हुए रहे। कंपनी ने इस उड़ान को निरस्त कर दिया। यात्रियों के टिकट के पैसे भी रिटर्न कर दिए। इसके बाद इंजीनियरों ने विमान की तकनीकी जांच शुरू की। अहमदाबाद हादसे के बाद एयरलाइंस विमानों की तकनीकी खामी को लेकर ज्यादा सजग है।
रनवे से लौटी थी भुवनेश्वर की फ्लाइट
उल्लेखनीय है कि 15 दिन पहले रनवे से लौटी थी फ्लाइट 23 जून को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) रनवे के बीच से लौट आई थी। बताया गया था कि फ्लाइट में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे। लौटने की वजह प्लेन में तकनीकी खराबी थी।