मुंबई के भांडुप में दर्दनाक हादसा: रिवर्स होती बेस्ट बस ने पैदल यात्रियों को कुचला, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल.
मुंबई के भांडुप में दर्दनाक हादसा: रिवर्स होती बेस्ट बस ने पैदल यात्रियों को कुचला, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भांडुप पश्चिम में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्टेशन रोड पर रिवर्स हो रही बेस्ट की बस ने कई पैदल यात्रियों को कुचल दिया, जिससे तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मुंबई पुलिस के मुताबिक देर रात हादसा भांडुप वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास हुआ। बस अपने रूट के एंड प्वाइंट पर पीछे की ओर ली जा रही थी, तभी अचानक सड़क किनारे चल रहे पैदल यात्री उसकी चपेट में आ गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद बस चालक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है । पुलिस का कहना है कि बस की मैकेनिकल और टेक्निकल जांच की जाएगी, जिसके बाद दुर्घटना के असली कारणों का पता चल सकेगा। हादसे के एक घंटे बाद तक बेस्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान न आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
इस हादसे में कुल 13 पैदल यात्री घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। वहीं इस दर्दनाक हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास हुए इस जानलेवा हादसे में चार लोगों की मौत बेहद दुखद है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। इस घटना में नौ लोग घायल हुए हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी।