झारखंड के देवघर में बड़ा हादसा, बस की ट्रक से टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत, दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल.
देवघर। झारखंड के देवघर में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां बस और ट्रक की टक्कर में, अब तक 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है, जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया की है, जहां एक एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक से कांवड़ियों की बस टकरा गई।
बताया जातता है कि देवघर स्थित बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक करने के बाद कांवड़ियों से भरी बस दुमका में स्थित बासुकीनाथ मंदिर जलाभिषेक करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान कांवड़ियों से भरी बस मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया में एक एलपीजी सिलेंडर भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांच कांवड़ियों की मौत हो गई। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट कर 18 कांवड़ियों की मौत की जानकारी दी है। उन्होने एक्स पर लिखा कि मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
बस के परखच्चे उड़े
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल राहत और बचाव कार्य करने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों से निकाल कर अस्पताल भेजा जा रहा है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक सभी यात्री बिहार के बेतिया और गयाजी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बस और ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जाहिर किया और एक्स पर लिखा कि आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में बस सवार श्रद्धालुओं की मौत की बहुत दुखद सूचना मिली है। बाबा बैद्यनाथ दुर्घटना में मरने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।