बीएमसी चुनाव में कांग्रेस का बड़ा फैसला: महाविकास अघाड़ी से अलग होकर अकेले मैदान में उतरेगी पार्टी.
बीएमसी चुनाव में कांग्रेस का बड़ा फैसला: महाविकास अघाड़ी से अलग होकर अकेले मैदान में उतरेगी पार्टी
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के आगामी चुनावों में कांग्रेस ने महाविकास अघाड़ी से अलग होकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्नितला ने कहा कि पार्टी इस चुनाव में अकेले दम पर उतर रही है और उसे बेहतर प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है।

इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए चेन्नितला ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह स्थानीय नेतृत्व पर छोड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निकाय चुनावों में परिस्थितियां अलग होती हैं और कई बार स्थानीय स्तर पर गठबंधन की जरूरत महसूस नहीं होती।
उन्होंने कहा, “यह नगर निकाय का चुनाव है। कुछ जगहों पर हमारे नेता गठबंधन के साथ लड़ना चाहते हैं, तो कुछ जगहों पर नहीं। हमने यह फैसला स्थानीय लीडरशिप पर छोड़ दिया है। जहां जरूरत होगी वहां गठबंधन होगा, नहीं तो कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी।”
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना (उद्धव) राज्य स्तर पर ‘महाविकास अघाड़ी’ गठबंधन का हिस्सा हैं। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर ये सभी दल इंडिया गठबंधन में शामिल हैं।