झारखंड के रांची में भाजपा नेता अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या, भीड़भाड़ वाले कांके चौक पर अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम .
रांची। झारखंड के रांची में भाजपा नेता अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि अनिल महतो कांके चौक के पास चाय की दुकान पर खड़े थे तभी उन पर अचानक फायरिंग हुई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि रांची के कांके चौक पर हर समय भीड़ लगी रहती है। इतनी भीड़ होने के बाद भी अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारने की हिम्मत दिखाई। घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कांके चौक जाम कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक्स पोस्ट कर लिखा कि बीजेपी रांची ग्रामीण जिला महामंत्री और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर को अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना से स्तब्ध हूं। अपराधी बेखौफ होकर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जहां न जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक। मरांडी ने कहा कि पुलिस के आफिसर्स जब ज़मीन का धंधा करेंगे और करवाएंगे, ज़मीन दलालों को संरक्षण देंगे तो ऐसी घटनाएं तो होंगी ही। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। रांची पुलिस तत्काल अपराधियों को गिरफ्तार कर कठोरतम कारवाई सुनिश्चित करें।
रक्षा राज्य मंत्री सेठ ने सरकार पर साधा निशाना
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ समाप्त हो चुका है। इस घटना ने एक बार फिर से प्रमाणित कर दिया कि शहर में कोई सुरक्षित नहीं है। अनिल टाइगर की हत्या निरंकुश हो चुके अपराधियों ने अंजाम दिया है। एक तरफ झारखंड का विधानसभा सत्र चल रहा है, दूसरी तरफ इतनी बड़ी घटना को अपराधी अंजाम देकर निकल जा रहे हैं। यह राज्य सरकार पर बड़ा सवाल है। सेठ ने कहा कि 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री खुद इस मामल में हस्तक्षेप करें।