रूस से तेल खरीद पर ट्रंप का बड़ा बयान: भारत जल्द ही बंद करेगा आयात, .
रूस से तेल खरीद पर ट्रंप का बड़ा बयान: भारत जल्द ही बंद करेगा आयात,
भारत और अमेरिका के बीच इस समय रूस से तेल खरीद को लेकर तनाव बना हुआ है। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत जल्द ही रूस से तेल की खरीद बंद कर देगा।

ट्रंप ने दावा किया कि यह आश्वासन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम रूस पर दबाव बढ़ाने की अमेरिकी रणनीति का हिस्सा है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे अच्छे मित्र हैं और हमारे बीच शानदार संबंध हैं। भारत जल्द ही रूस से तेल की खरीद बंद कर देगा। यह एक बड़ा कदम होगा। अब हमें चीन से भी यही करने के लिए कहना होगा।”
ट्रंप ने कहा कि भारत का यह फैसला रूस को अलग-थलग करने की दिशा में अहम होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और पीएम मोदी की हालिया बैठक के बाद उन्हें इस विषय पर जानकारी मिली।
मुझे लगता है कि मोदी शानदार और महान व्यक्ति हैं। सर्जियो ने बताया कि मोदी मुझे पसंद करते हैं। मैं वर्षों से भारत को देख रहा हूं — पहले हर साल एक नया नेता आता था, लेकिन अब मेरा मित्र (मोदी) लंबे समय से सत्ता में है। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया है कि वे रूस से तेल नहीं खरीदेंगे।”
ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि यह बदलाव तुरंत लागू नहीं होंगे, लेकिन कुछ समय में इसका प्रभाव दिखने लगेगा।
हालांकि, भारतीय सरकार की ओर से इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने भी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि भारत, चीन के बाद रूस का दूसरा सबसे बड़ा तेल खरीदार है।
यूक्रेन युद्ध के बीच रूस पर दबाव बनाने के प्रयास में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अगस्त में भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, जिसमें रूसी तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क शामिल है।