निकोलस मादुरो का आरोप: “अमेरिका एक नई जंग गढ़ रहा है” — कैरेबियाई क्षेत्र में बढ़ा सैन्य तनाव.
निकोलस मादुरो का आरोप: “अमेरिका एक नई जंग गढ़ रहा है” — कैरेबियाई क्षेत्र में बढ़ा सैन्य तनाव
वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका पर “जंग को बढ़ावा देने” का आरोप लगाया है। उन्होंने यह बयान ऐसे समय में दिया जब अमेरिका ने दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत को कैरेबियाई क्षेत्र की ओर भेजा है, जिससे क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ गया है।

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड विमानवाहक पोत को मेडिटेरेनियन सागर से कैरेबियाई इलाके़ में तैनात करने का आदेश दिया। यह अत्याधुनिक पोत 90 विमानों को ले जाने की क्षमता रखता है।
सरकारी मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रपति मादुरो ने कहा,वे एक नई जंग गढ़ रहे हैं। उन्होंने वादा किया था कि अब कभी किसी जंग में शामिल नहीं होंगे, लेकिन अब वे एक युद्ध रच रहे हैं।”
हाल के दिनों में अमेरिका ने कैरेबियाई क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उसने यहां युद्धपोत, परमाणु पनडुब्बी और F-35 लड़ाकू विमान तैनात किए हैं।
अमेरिका का कहना है कि यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा है, जबकि मादुरो का आरोप है कि यह कार्रवाई क्षेत्रीय अस्थिरता और संघर्ष को बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।