मलेशिया पहुंचे नरेंद्र मोदी, कुआलालंपुर से कोच्चि का संबंध बताया ऐतिहासिक, एयरपोर्ट पर पीएम अनवर इब्राहिम ने किया स्वागत.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दौरे पर हैं। शनिवार को जब वे वहां पहुंचे तो कुआलालंपुर में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया। इतना ही नहीं इब्राहिम ने अपनी कार में पीएम मोदी को बिठाया।
पीएम मोदी ने कुआलालंपुर में कहा कि तमिल भाषा भारत को विश्व से जोड़ती है, तमिल साहित्य शाश्वत है और तमिल संस्कृति वैश्विक है। कुआलालंपुर से कोच्चि का संबंध ऐतिहासिक है। मलेशिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कुआलालंपुर में लैंड किया। एयरपोर्ट पर मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के गर्मजोशी से किए गए स्वागत से बहुत खुश हूं। मैं हमारी बातचीत और भारत और मलेशिया के बीच दोस्ती के रिश्तों को और मजबूत करने का इंतजार कर रहा हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मलयेशिया दौरे पर एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कुआलालंपुर में एक कार्यक्रम में कहा, मलयेशिया में मिले स्नेह के लिए आभार प्रकट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिनों पहले हमने संक्रांति समेत कई त्योहार मनाए हैं। आने वाले दिनों में रमजान की शुरुआत होगी। अपने दौरे की अहमियत को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2026 में उन्होंने पहले विदेश दौरे के रूप में मलेशिया आने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रवासी समुदाय भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता है। यहां मिला अपनापन और स्नेह, भारत व मलयेशिया की साझा सांस्कृतिक विविधता को खूबसूरती से दर्शाता है। उन्होंने इस अवसर पर मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का विशेष रूप से आभार जताया।