मेडागास्कर में सैन्य तख़्तापलट: राष्ट्रपति रजोएलिना सत्ता से बेदखल.
मेडागास्कर में सैन्य तख़्तापलट: राष्ट्रपति रजोएलिना सत्ता से बेदखल
हिंद महासागर के द्वीपीय देश मेडागास्कर में सैन्य अधिकारियों ने घोषणा की है कि उन्होंने सरकार पर नियंत्रण कर लिया है।

मेडागास्कर की एलीट सैन्य यूनिट (CAPSAT) ने राष्ट्रपति एंड्री रजोएलिना को सत्ता से हटाकर सरकार की बागडोर अपने हाथों में ले ली है।
दिलचस्प बात यह है कि 2009 में रजोएलिना ने भी तत्कालीन राष्ट्रपति मार्क रावालोमानाना को हटाकर सत्ता पर कब्ज़ा किया था, और उस समय सेना ने उनका समर्थन किया था।
सैन्य अधिकारियों ने घोषणा की है कि उन्होंने संवैधानिक अदालत, चुनाव आयोग और अन्य प्रमुख लोकतांत्रिक संस्थाओं को निलंबित कर दिया है।
यह घटनाक्रम उस समय हुआ है जब राष्ट्रीय संसद ने राष्ट्रपति के ख़िलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित किया था।
राष्ट्रपति रजोएलिना ने इस मतदान को “अवैध” करार देकर ख़ारिज कर दिया था और अज्ञात स्थान पर चले गए थे। फ़ेसबुक लाइव प्रसारण में उन्होंने दावा किया कि वह अभी भी वैध राष्ट्रपति हैं।
देश में पिछले कई हफ्तों से रजोएलिना सरकार के ख़िलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन जारी हैं, जिनमें आर्थिक संकट और राजनीतिक भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दे रहे हैं।