लॉरेंस बिश्नोई गैंग कनाडा में आतंकी संगठन घोषित, भारत में सक्रिय इस गैंग का कनाडा में भी असर.
नई दिल्ली। कनाडा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन की सूची में शामिल कर दिया है। इस गैंग पर प्रतिबंध लगाने की मांग काफी पहले से की जा रही थी। कनाडा का दावा है कि बिश्नोई गैंग उनके देश में कई गैंगवार और हत्याओं में शामिल है। लॉरेंस बिश्नोई गुजरात के साबरमती सेंट्रल जेल में बंद है।
कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने घोषणा की कि कनाडा ने बिश्नोई गिरोह को देश की आपराधिक संहिता के तहत आधिकारिक तौर पर आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया है। सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में आनंदसांगरी ने लिखा है कि आज हमारी सरकार ने बिश्नोई गिरोह को एक आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया है। कनाडा में हर व्यक्ति को सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। बिश्नोई गैंग ने कुछ समुदायों को डराने और आतंक फैलाने का काम किया। इसे सूचीबद्ध करने से हमें उनके अपराध रोकने में मदद मिलेगी। बिश्नोई गैंग के शामिल होने के बाद अब कनाडा में 88 आतंकवादी संगठन लिस्टेड हैं।
उल्लेखनीय है कि बिश्नोई गैंग मुख्य रूप से भारत से संचालित होता है और कनाडा में भी इसका असर है। गैंग हत्या, गोलीबारी और आगजनी करता है और डर और धमकी फैलाकर समुदायों को आतंकित करता है। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पिछले साल 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा में उनके बेटे के ऑफिस के बाहर गोली मारकर की गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी। यही गैंग सलमान खान के घर फायरिंग भी कर चुका है और कई बार धमकी दे चुका है।