साल 2025 का अंतिम चंद्रग्रहण: देशभर में दिखा ‘ब्लड मून’.
साल 2025 का अंतिम चंद्रग्रहण: देशभर में दिखा ‘ब्लड मून’
खगोलीय घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने वालों के लिए चंद्रग्रहण केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं, बल्कि गूढ़ वैज्ञानिक महत्व भी रखता है। साल 2025 के अंतिम चंद्रग्रहण के दौरान देशभर में ‘ब्लड मून’ का अद्भुत नज़ारा देखा गया।

करीब तीन घंटे से अधिक समय तक धरती की छाया चांद पर बनी रही, जिसके कारण चांद पर सूर्य का प्रकाश सीधे नहीं पहुंच सका। इस खगोलीय घटना की तस्वीरें देश के कई हिस्सों से सामने आईं। दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ, गुवाहाटी, तिरुवनंतपुरम और चेन्नई जैसे शहरों से लोगों ने ‘ब्लड मून’ का नज़ारा कैमरे में कैद किया।
खबरों के अनुसार, यह चंद्रग्रहण दुनिया के लगभग 77 फीसदी हिस्से में देखा गया। भारत के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये जैसे देशों में भी लोग इस अद्भुत खगोलीय घटना के साक्षी बने। लाखों खगोल विज्ञान प्रेमियों ने चांद पर पड़ती धरती की छाया का अवलोकन कर सौरमंडल की इस अनोखी घटना का अनुभव किया।