ईरान यात्रा को लेकर भारतीय दूतावास की एडवाइजरी: नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह.
ईरान यात्रा को लेकर भारतीय दूतावास की एडवाइजरी: नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह
ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने एक ट्वीट के माध्यम से भारतीयों को आगाह करते हुए कहा है कि ईरान आने से पहले क्षेत्र में हो रहे ताजा घटनाक्रमों पर ध्यान दें और अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं।

यह एडवाइजरी ऐसे समय पर जारी की गई है जब मध्य एशिया में तनाव चरम पर है। ईरान-इज़राइल संघर्ष और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद हालात और भी गंभीर हो गए हैं। इसी को देखते हुए भारत सरकार सतर्क है और अपने नागरिकों को समय-समय पर अलर्ट कर रही है।
दूतावास ने कहा है कि पिछले कुछ हफ्तों में सुरक्षा की दृष्टि से जो घटनाएं हुई हैं, उन्हें ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ईरान की गैर-जरूरी यात्रा फिलहाल टाल दें। साथ ही, उन्हें क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर रखने और भारत सरकार द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
जो भारतीय नागरिक पहले से ही ईरान में मौजूद हैं और वहां से लौटना चाहते हैं, उनके लिए दूतावास ने सुझाव दिया है कि वे उपलब्ध व्यावसायिक उड़ानों और नौका सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं।