साल के पहले मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने बताया मतदाता दिवस का महत्व, नदियों से लेकर स्टार्टअप तक की चर्चा.
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने साल 2026 के अपने पहले रेडियो कार्यक्रम में रविवार को जनता को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज 25 जनवरी का दिन भी बहुत अहम है क्योंकि आज नेशनल वोटर्स डे है। मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होता है। जब भी कोई युवा पहली बार मतदाता बने तो पूरा मोहल्ला, गांव या फिर शहर एकजुट होकर उसका अभिनंदन करें और मिठाइयां बांटी जाएं। इससे लोगों में वोटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि कल 26 जनवरी को हम अपना गणतंत्र दिवस मनाएंगे. इसी दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। 26 जनवरी का यह दिन हमें अपने संविधान के संस्थापकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर देता है। पीएम मोदी ने कहा कि आज नेशनल वोटर्स डे पर मैंने माय-भारत के वॉलंटियर्स को एक पत्र लिखा है। इसमें मैंने उनसे आग्रह किया है कि जब हमारे आसपास का कोई युवा साथी पहली बार मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड हो तो हमें उस खुशी के मौके को मिलकर सेलिब्रेट करना चाहिए। मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होता है। जब कोई 18 साल का हो जाता है तो मतदाता बन जाता है। यह अवसर किसी भी भारतीय के जीवन का बड़ा माइलस्टोन होता है। इसलिए जरूरी है कि हम देश में वोटर बनने का उत्सव मनाएं।
आजमगढ़ की तमसा नदी का किया जिक्र
नदियों को लेकर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से होकर गुजरने वाली तमसा नदी को लोगों ने नया जीवन दिया है। अयोध्या से निकलकर गंगा में समाहित होने वाली यह नदी कभी इस क्षेत्र के लोगों के जन-जीवन की धुरी हुआ करती थी, लेकिन प्रदूषण की वजह से इसकी अविरल धारा में रुकावट आने लगी थी। इसके बाद यहां के लोगों ने इसे एक नया जीवन देने का अभियान शुरू किया। नदी की सफाई की गई और उसके किनारों पर छायादार और फलदार पेड़ लगाए गए।
आंध्र-प्रदेश के अनंतपुर का दिया उदाहरण
पीएम मोदी ने आंध्र-प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अनंतपुर जो सूखे की गम्भीर समस्या से जूझता रहा है और यहां की मिट्टी, लाल और बलुई है। यही वजह है कि लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिये स्थानीय लोगों ने जलाशयों को साफ करने का संकल्प लिया। फिर प्रशासन के सहयोग से यहां 'अनंत नीरू संरक्षणम प्रोजेक्ट' की शुरुआत हुई। इस प्रयास के तहत 10 से अधिक जलाशयों को जीवन दान मिला है. जलाशयों में अब पानी भरने लगा है और इसके साथ ही 7000 से अधिक पेड़ भी लगाए गए हैं।
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम
पीएम मोदी ने कहा कि दस साल पहले, जनवरी 2016 में, हमने एक महत्वाकांक्षी यात्रा शुरू की थी। तब हमें इस बात का एहसास था कि भले ही ये एक छोटा क्यों ना हो लेकिन ये युवा-पीढ़ी के लिए, देश के भविष्य के लिए, काफी अहम है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन गया है। ये स्टार्ट-अप लीक से हटकर हैं, वे ऐसे सेक्टर्स में काम कर रहे हैं जिनके बारे में 10 साल पहले सोचना भी मुश्किल था।