कुरुक्षेत्र में चल रहे महायज्ञ में फायरिंग, ब्राह्मणों को बासी खाना परोसने को लेकर विवाद, एक युवक को लगी गोली.


कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में शनिवार को बासी खाना परोसने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी को लगी। इस घटना से नाराज ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया।
महायज्ञ स्थल पर हुई गोलीबारी में लखनऊ निवासी 15 वर्षीय आशीष तिवारी घायल हो गए। वहीं, प्रिंस शुक्ला भी घायल हुए हैं, जिन्हें पत्थर लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन से चार राउंड गोलियों के खोल बरामद कर लिए हैं।यह सभी ब्राह्मण अलग-अलग राज्य से बुलाए गए थे, जो यज्ञ कर रहे थे। यज्ञ करवाने आए ब्राह्मणों पर लाठियां भांजी गईं और बाबा के बाउंसर ने गोलियां चलाई।
बताया जाता है कि शनिवार को सुबह साढ़े 9 बजे महायज्ञ में आए ब्राह्मणों को बासी खाना दिए जाने के मसले पर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर यज्ञ आयोजक ने अपने सुरक्षाकर्मियों से पंडितों की जम कर कुटाई करवाई और गोली भी चलवा दी। फायरिंग की इस घटना में लखनऊ से आए आशीष तिवारी को गोली लग गई। आशीष तिवारी को गंभीर हालत में लोक नायक जय प्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से नाराज ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया। गुस्साएं ब्राह्मणों ने थीम पार्क के सामने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर पथराव किया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई और जाम खुलवाने का प्रयास किया।