तुर्कमान गेट हिंसा मामला: बॉडी कैमरों से 30 आरोपियों की पहचान, सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर भी शिकंजा.
तुर्कमान गेट हिंसा मामला: बॉडी कैमरों से 30 आरोपियों की पहचान, सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी पर भी शिकंजा
पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में पुलिस पर हुए हमले के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के लिए चल रहे बुलडोजर एक्शन के दौरान शांति भंग करने की कोशिश की गई, जिसके बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

इस हिंसा के मामले में पुलिस अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये गिरफ्तारियां बुधवार, 7 जनवरी को की गई थीं। इसके अलावा 10 से अधिक संदिग्धों को पहले ही हिरासत में लिया गया था। अब पुलिसकर्मियों द्वारा पहने गए बॉडी कैमरों की फुटेज की मदद से 30 और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। दिल्ली पुलिस इन सभी को हिरासत में लेने के लिए जल्द ही छापेमारी करेगी।
![]()
इस बीच, रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम भी मामले में सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिंसा के दौरान वह उपद्रवियों की भीड़ में मौजूद थे और उन पर लोगों को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप है। दिल्ली पुलिस अब उन्हें जांच में शामिल होने के लिए समन भेजने की तैयारी कर रही है।
सामने आए हिंसा के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी मौके पर मौजूद थे। पुलिस सूत्रों का दावा है कि दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुरोध के बावजूद वह घटनास्थल के आसपास ही बने रहे, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।