गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़ सभी 16 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, कल होगा मंत्रिमंडल विस्तार.

अहमदाबाद। गुजरात में भाजपा ने सरकार को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने अपने इस्तीफे दे दिए हैं। इस्तीफे से पहले मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रियों की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में मुख्यमंत्री को छोड़कर सभी मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया शुक्रवार को की जाएगी।
गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार होना है, लेकिन इससे पहले भाजपा ने सारे मंत्रियों के इस्तीफे ले लिए। सबसे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने इस्तीफा दिय। इसके बाद एक के बाद एक सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। विश्वकर्मा ने ही मंत्रियों को इस्तीफे देने के निर्देश दिए थे। आज दोपहर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आवास पर मंत्री की बैठक हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि सभी मंत्री सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे। इस फैसले के बाद अब सबकी निगाहें नए मंत्रिमंडल की घोषणा पर टिकी हैं। नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह कल शुक्रवार को गांधीनगर के महात्मा मंदिर में होगा।
कई मंत्रियों को बदलकर नए को देंगे स्थान
बताया जाता है कि कैबिनेट विस्तार में वर्तमान कई मंत्रियों को हटाया जाएगा और उनकी जगह नए लोगों को मौका दिया जाएगा। वर्तमान गुजरात मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री पटेल समेत कुल 17 मंत्री हैं। इसमें आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं, जबकि इतने ही राज्य मंत्री (एमओएस) हैं। 182 सदस्यीय विधानसभा वाले गुजरात में 27 मंत्री या सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत मंत्री हो सकते हैं।