दीपावली से पहले बिगड़ी दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा, कई पाबंदियों हो गई हैं लागू.
नई दिल्ली। दीपावली के पहले ही दिल्ली-एनसीआर की हवा काफी बिगड़ गई है। इसके कारण GRAP ( ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान) के स्टेज-2 के नियमों को लागू कर दिया गया है। इसके तहत कई प्रतिबंध लागू हो गए हैं और दिल्ली के लोगों को इन्हीं के बीच दीपावली मनानी पड़ेगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। रविवार की शाम 4 बजे AQI 296 तक था जो शाम 7 बजे तक बढ़कर 302 हो गया। इसे बहुत ही खराब श्रेणी का माना जाता है। इसी कारण यहां ग्रैप की स्टेज-2 के नियमों के लागू कर दिया गया है। दिल्ली-एनसीआर में मुख्य रूप से सड़क पर वाहनों की संख्या सीमित किया जाएगा, निर्माण कार्यों पर रोक होगी, धूल और धुएं को कम करने के लिए विशेष उपाय भी किए जाएंगे। इस स्टेज के नियम लागू होने के बाद सरकारी वाहन सीमित किए जाएंगे, प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। ग्रैप -2 के तहत दिल्ली- एनसीआर में धूल नियंत्रण करने के लिये एजेंसियां साफ सफाई करेंगी और जाम वाली जगहों पर या फिर जहां धूल ज़्यादा होती है वहां स्मॉग गन लगायेंगी जिससे धूल पर नियंत्रण लाया जा सके। डीजल के घरेलू जेनरेटर्स का प्रयोग पर प्रतिबंधित रहेगा साथ ही फैक्ट्री तभी उपयोग कर सकेंगी जब बिजली ना आ रही हो। दिल्ली में एनसीआर में चल रहे निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्य में धूल नियंत्रण पैमाने का पालन सभी बिल्डरों और ठेकेदारों को करना होगा और इसके लिए हर दिन सरकारी अफसरों की टीम दौरा भी करेगी और पालन ना होने पर जुर्माना भी लगाएगी। साथ ही रेस्टोरेंट तंदूर में कोयले या लकड़ी को नहीं जला सकेंगे और उन्हें बिजली या फिर एलपीजी जैसी गैस का ही प्रयोग खाना पकाने के लिए करना होगा।
कहा जा रहा है कि अगर अगले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राज्य सरकार स्टेज-3 की पाबंदियां भी लागू करने पर विचार कर सकता है। रविवार को दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों जैसे इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, लाल किला और कनॉट प्लेस में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर रिकॉर्ड की गई। राजधानी दिल्ली के 9 इलाकों में एक्यूआई 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी की ओर इशारा करता है।