शिलांग में इंदौर के सोनम की तलाश जारी, जांच दल को मिली एक जैकेट, हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त .
शिलांग। इंदौर से हनीमून मनाने गए दंपत्ति में से राजा रघुवंशी की लाश मिल चुकी है, लेकिन सोनम की तलाश अभी भी जारी है। जांच दल को राजा की लाश के पास एक लाल और काले रंग की जैकेट मिल है। पुलिस का मानना है कि यह सोनम का है। पुलिस ने जैकेट जब्त कर लिया है और अब इसकी फोरेंसिग जांच कराई जाएगी।
बताया जाता है कि यह जैकेट उस स्थान पर मिली है, जहां कुछ देर के लिए किराए पर ली गई स्कूटर रुकी थी। पुलिस अधिकारियों ने जीपीएस ट्रैकर के जरिए पता लगाया है कि किराए पर ली गई स्कूटी एडी व्यू पाइंट पर रुकी थी। इस इलाके में भी सोनम की तलाश की गई। खोजी दल सोनम की तलाश के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल कर रहा है। शिलांग एसपी विवेक सिम ने बताया कि पुलिस ने राजा की हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया है। हत्यारों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। जिस जगह पर जैकेट मिला है। उसके आसपास खोज तेज की गई है। फिलहाल परिजन जैकेट के बारे में पुष्टि नहीं कर रहे है, लेकिन इसे हमने सबूत के तौर पर जब्त किया है,क्योंकि राजा के शव के पास भी एक सफेद टी शर्ट मिली थी।
सोमवार को मिला था राजा का शव
उल्लेखनीय है कि हनीमून मनाने शिलांग गए इंदौर के राजा रघुवंशी का शव 11 दिन बाद सोमवार को एक गहरी खाई में मिला था। मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। विपिन ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। साथ ही मेघालय पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। भाई विपिन ने कहा, राजा का पर्स, ब्रेसलेट, गले की चेन, बैग, अंगूठी और पावर बैंक आदि बरामद नहीं हुए हैं। पूरे मामले की अच्छे से जांच की जाए।