पुतिन ने यूक्रेन से सीधी बातचीत की पेशकश की, 15 मई से वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव.
पुतिन ने यूक्रेन से सीधी बातचीत की पेशकश की, 15 मई से वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव
यूक्रेन के युद्ध विराम की सहमति देने और अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ सीधी और तत्काल बातचीत शुरू करने की इच्छा जताई है। उन्होंने शनिवार देर रात टीवी के माध्यम से देश को संबोधित करते हुए कहा कि वह 15 मई से वार्ता की शुरुआत करना चाहते हैं।
पुतिन ने अपने संबोधन में कहा,हम चाहते हैं कि बातचीत गंभीर हो ताकि इस युद्ध की जड़ तक पहुंचा जा सके और एक मजबूत और स्थायी शांति स्थापित की जा सके।

पुतिन का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन की यात्रा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस से 30 दिनों के बिना शर्त संघर्षविराम की अपील की।
रूस के राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि मॉस्को इस प्रस्ताव पर विचार करेगा, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि "दबाव डालना बेकार है।"
पुतिन ने यह भी संकेत दिया कि वह तुर्की के शहर इस्तांबुल में इस वार्ता को आयोजित करना चाहते हैं और यह बातचीत एक नए संघर्षविराम या समझौते का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि वह रविवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन से इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
हालांकि, यूक्रेन की ओर से अभी तक इस बातचीत के प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।