न्यूजीलैंड में भूकंप, तेजी से कांपी धरती, जमीन से 10 किलोमीटर अंदर था केंद्र, कोई नुकसान नहीं.
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के रिवर्टन तट पर मंगलवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 7 मापी गई। भूकंप का झटका रिवर्टन से 159 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम में महसूस किया गया था। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
न्यूजीलैंड की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी इस बात का आकलन कर रही है कि क्या भूकंप सुनामी का खतरा पैदा कर सकती है। एजेंसी ने कहा है कि अगर सुनामी की स्थिति पैदा हुई तो इसे देश तक पहुंचने में कम से कम एक घंटे का समय लगेगा। आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने राष्ट्रीय परामर्श जारी करते हुए कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अगर सुनामी की पुष्टि होती है तो तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाएगी। इससे पहले, 2011 में न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में आए 6.3 तीव्रता के भूकंप में 185 लोगों की जान चली गई थी।
उल्लेखनीय है कि यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार न्यूजीलैंड का भौगोलिक स्थान उसे दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्रों में शामिल करता है। यह क्षेत्र ऑस्ट्रेलिया और प्रशांत प्लेटों के बीच मौजूद होने के कारण भूकंप का केंद्र बना हुआ रहता है। ऑस्ट्रेलिया-प्रशांत प्लेट की सीमा मैक्वेरी द्वीप से लेकर केरमाडेक द्वीप रेंज तक फैली हुई है। वर्ष 1900 के बाद से न्यूजीलैंड में 7.5 से अधिक तीव्रता के लगभग 15 भूकंप दर्ज किए गए हैं, जिनमें से नौ मैक्वेरी रिज के पास आए हैं। 1989 में 8.2 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप भी इसी क्षेत्र में आया था।