राजस्व विभाग में लापरवाही पर कलेक्टर शिवम वर्मा का सख्त एक्शन, आरआई और पटवारी निलंबित, तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस.
इंदौर। राजस्व विभाग में लापरवाही पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने सख्त एक्शन लिया है। कलेक्टर ने तहसील सांवेर में पदस्थ राजस्व निरीक्षक और पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के भी आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर ने तहसीलदार पूनम तोमर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बताया जाता है कि तहसील सांवेर में सीमांकन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं किया गया। साथ ही आवेदक एवं उसके परिवार के साथ कथित रूप से असहज एवं अनुचित व्यवहार किया गया। इसके साथ ही शिकायत निवारण प्रणाली के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप सामने आए। इन गंभीर शिकायतों के आधार पर कलेक्टर वर्मा ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र गुप्ता एवं पटवारी दीपशिखा केथवास को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में दोनों अधिकारियों का मुख्यालय तहसील सांवेर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
अपर कलेक्टर राय को सौंपी जांच
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर वर्मा ने अपर कलेक्टर रोशन राय को शिकायत की विस्तृत जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। राय को निर्देशित किया गया है कि जांच कर प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं आमजन के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।