कार धमाका: जम्मू-कश्मीर के उमर ने किया आत्मघाती हमला.
कार धमाका: जम्मू-कश्मीर के उमर ने किया आत्मघाती हमला !
दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके ने राजधानी को दहला दिया है। जांच में सामने आया है कि यह आत्मघाती हमला था, जिसे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी उमर उ नबी ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आई-20 कार में सिर्फ उमर ही सवार था, जिसने खुद को विस्फोटक से उड़ा लिया। इस भयावह धमाके में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हैं। घायलों को लोकनायक अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

संदिग्ध की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस की जांच में पता चला है कि उमर उ नबी, डॉ. नबी भट का पुत्र था। उसका जन्म 24 फरवरी 1989 को हुआ था। उमर पेशे से डॉक्टर था और अल-फलाह मेडिकल कॉलेज, फरीदाबाद में कार्यरत था। वह मूल रूप से कोइल, पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला था।
उमर ने सरकारी मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर से एमडी मेडिसिन की पढ़ाई की थी और जीएमसी अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया था। बाद में वह दिल्ली आ गया। सूत्रों के मुताबिक, उमर डॉ. आदिल नामक व्यक्ति का करीबी सहयोगी था और दोनों कट्टरपंथी डॉक्टरों के एक ऑनलाइन समूह का हिस्सा थे, जो एन्क्रिप्टेड टेलीग्राम चैनलों पर सक्रिय थे।
कार का फरीदाबाद कनेक्शन
जांच में यह भी सामने आया है कि धमाके में इस्तेमाल की गई आई-20 कार दो बार बेची जा चुकी थी। अंतिम बार यह कार फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति से 10 दिन पहले उमर ने खरीदी थी। इससे फरीदाबाद और पुलवामा के बीच संबंध की पुष्टि हो रही है।
धमाके का घटनाक्रम
सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास की छह गाड़ियों के परखचे उड़ गए और 20 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
जांच में जुटी एजेंसियां
घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनआईए, और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की टीमें पहुंचीं। सभी एजेंसियां विस्फोट की प्रकृति और आतंक कनेक्शन की जांच में जुटी हैं।