दिल्ली में छात्रा पर एसिड अटैक, बाइक सवार तीन युवकों ने कॉलेज के पास ही वारदात को दिया अंजाम.
नई दिल्ली। दिल्ली की एक छात्रा पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। बताया जाता है बाइक सवार तीन युवकों ने कॉलेज से कुछ दूरी पर ही छात्रा पर एसिड फेंका। छात्रा अपना चेहरा बचाने में सफल रही, लेकिन उसका हाथ इसमें झुलस गया है।
पीड़ित छात्रा नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के लक्ष्मीबाई कॉलेज में पढ़ती है। रविवार को वह एक्सट्रा क्लास के लिए गई थी। तभी तीन युवक बाइक पर आए और कॉलेज के पास छात्रा पर एसिड फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक रविवार को दीप चंद बंधु अस्पताल से एक छात्रा (20 वर्ष) को एसिड से जलने के कारण भर्ती होने के बारे में सूचना मिली। पूछताछ करने पर, पीड़िता ने बताया कि वह सेकेंड ईयर (नॉन-कॉलेज) की छात्रा है और लक्ष्मी बाई कॉलेज, अशोक विहार में एक एक्स्ट्रा क्लास के लिए गई थी। छात्रा के मुताबिक जब वह कॉलेज की ओर जा रही थी, तभी उसका परिचित मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर आया। ईशान ने कथित तौर पर अरमान को एक बोतल दी, जिसने उस पर एसिड फेंक दिया। पीड़िता ने अपना चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों हाथ झुलस गए। पीड़िता ने आगे बताया कि जितेंद्र उसका पीछा करता था और लगभग एक महीने पहले उनके बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।