रेडी हो जा, बैग पैक कर—टी20 वर्ल्ड कप में अचानक एंट्री और फिर मैच विनर बने मोहम्मद सिराज.
रेडी हो जा, बैग पैक कर—टी20 वर्ल्ड कप में अचानक एंट्री और फिर मैच विनर बने मोहम्मद सिराज
मोहम्मद सिराज, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले तक भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे, ने शनिवार को अमेरिका के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाकर सबको चौंका दिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से हराया। इस जीत के नायक कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे, जिन्होंने 84 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर अमेरिका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
मैच के बाद सिराज ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह यह टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। उन्होंने कहा,मैं फैमिली के साथ वक्त बिता रहा था। अचानक सूर्या भाई का कॉल आया—‘रेडी हो जा, बैग पैक करके आ जा।’ मैंने कहा, ‘सूर्या भाई मजाक मत करो, ये सब नहीं होने वाला।’ लेकिन उन्होंने कहा, ‘मैं सच कह रहा हूं।’”
सिराज ने आगे बताया कि जब प्रज्ञान ओझा का फोन आया, तब उन्हें यकीन हुआ। वो मेरे लिए एकदम शॉकिंग न्यूज थी। ऊपर वाले ने जो लिखा है, उसे कोई बदल नहीं सकता। मैं आया और फिर मैच भी खेल लिया।
जब उनसे पूछा गया कि टीम में शामिल होने से पहले 15 फरवरी का उनका क्या प्लान था, तो सिराज ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह रियल मैड्रिड और रियल सोसाइडाड का मैच देखने जाने वाले थे।
गौरतलब है कि मोहम्मद सिराज को हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया था, जिसकी जानकारी बीसीसीआई ने शुक्रवार को दी थी। अचानक मिली इस जिम्मेदारी को सिराज ने पूरी शिद्दत से निभाया और भारत की जीत के हीरो बनकर उभरे।