इंदौर के जीपीओ इलाके में भीषण गर्मी से चार मोरों की मौत, पोस्टमॉर्टम के बाद डॉक्टरों ने मौत का कारण लू बताया.
इंदौर। इंदौर के जीपीओ क्षेत्र में चार मोरों की मौत हो गई। लोगों ने जब मोरों को जमीन पर मृत अवस्था में देखा तो पशु चिकित्सालय को सूचना दी। इसके बाद विभाग की टीम आई और मोरों को पशु चिकित्सालय ले गई। वहां चारों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद डाक्टरों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण लू लगने से इनकी मौत हुई है।
एक अनुमान के अनुसार इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर पंद्रह हजार से अधिक मोर है। मिल एरिया, भांग्या, कृषि कॉलेज क्षेत्र, रेसीडेंसी एरिया, मेघदूत गार्डन, रालामंडल, पीटीएस, साकेत नगर में कई मोर परिवार बड़ी संख्या में पाए जाते है। रहवासियों को पहले लगा कि कुछ खाने की वजह से मोरों की मौत हुई है, लेकिन एक ही इलाके में चार मोर मृत मिले।
कालिंदी कुंज में भी मरे चार मोर
बताया जाता है कि कालिंदी कुंज में भी कुछ मोरों की मौत हुई है। रहवासियों के अनुसार उनकी कॉलोनी में भी पांच मोर हैं, जिनकी तबीयत खराब हो गई थी। हमने उन्हें पानी पिलाया। इसके बाद पशु चिकित्सालय ले गए थे। उनमें से चार की मौत हो गई।
डॉक्टर बोले- लू के कारण हुई मौत
इंदौर प्राणी संग्रहालय के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि बुधवार रात 9 बजे बाद कुछेक लोग दो मोरों को लेकर संग्रहालय आए थे। उस दौरान वहां गार्ड था। दोनों की मौत हो चुकी थी। मैंने पोस्टमॉर्टम किया, जिसमें हीट वेव के कारण मौत होने की बात सामने आई है। दो मोर की बाद में मौत हुई। एक मोर को रेस्क्यू किया गया है।