रामायण की पहली झलक आई सामने, राम के किरदार में नजर आ रहे हैं रणबीर कपूर, रावण के रूप में दिख रहे हैं यश.


मुंबई। एक्टर रणबीर कपूर की फिल्म रामायण का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है। इसे प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इसमें रणबीर कपूर राम के अवतार में नजर आ रहे हैं। वहीं रावण के किरदार में एक्टर यश दिखाई दे रहे हैं। हनुमान की भूमिका में सनी देओल नजर आएंगे।
फिल्म के पहले लुक में रणबीर कपूर को धनुषधारी योद्धा के रूप में दिखाया गया है। बैकग्राउंड में दिख रहा उदयमान सूरज और बादलों का समावेश इस पोस्टर को और भी भव्य बनाता है। फर्स्ट लुक टीजर में फिल्म की भव्यता साफ झलक रही है। राम और रावण के बीच के संघर्ष को दमदार विजुअल्स के साथ दिखाया गया है। एक सीन में रणबीर को जंगल में पेड़ पर चढ़कर धनुष चलाते हुए देखा जा सकता है। यश का रावण लुक भी काफी शक्तिशाली प्रतीत हो रहा है।
इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में हैं, वहीं सई पल्लवी मां सीता के रूप में दर्शकों का दिल जीतने को तैयार हैं। इनके अलावा सनी देओल हनुमान के अवतार में नजर आएंगे, जिनकी आक्रामकता और भावनात्मक गहराई दोनों इस किरदार को मजबूती देने वाली हैं। यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे और उनका रौबदार लुक इस बात की पुष्टि करता है कि उन्होंने इस किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है। लक्ष्मण की भूमिका रवि दुबे निभा रहे हैं। रकुल प्रीत सिंह को शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और लारा दत्ता कैकई के रोल में नजर आएंगी। इस फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में रिलीज होगा।