लेह में रणबीर सिंह की फिल्म धुरंधर की शूटिंग के दौरान फूड पॉइजनिंग से 116 क्रू मेंबर बीमार, 600 लोगों ने खाया था खाना.


मुंबई। इन दिनों लेह में रणबीर सिंह की नई फिल्म धुरंधर की शूटिंग चल रही है। यहां सेट पर खाना खाने के बाद क्रू मेंबर फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। करीब 116 क्रू मेंबर्स को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि इनमें से अधिकांश को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बताया जाता है कि फिल्म के सेट पर लगभग 600 लोगों ने खाना खाया था, लेकिन 116 की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने लोगों के बीमार होने के कारणों का पता लगाने के लिए खाने के नमूने लिए हैं। सोनम नुरबू मेमोरियल जिला अस्पताल की मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ रिंचन चोसडोल ने बताया कि एक साथ 116 लोगों अस्पताल में आ गए थे। इतने लोगों को ठहराने की व्यवस्था नही थी। ऐसे में कुछ मरीजों को चुशोत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व लद्दाख हार्ट फ़ाउंडेशन रेफर कर दिया गया। बिस्तर कम होने के कारण मरीज़ों को ज़मीन पर बिछे बिस्तरों पर लिटाना पड़ा। उन्होंने बताया कि रविवार को चंद लोगों को निगरानी में रख बाकी सभी को छुट्टी दे दी गई। उल्लेखनीय है कि आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म धुरंधर एक जासूसी एक्शन थ्रिलर है। इसकी शूटिंग करने के लिए रणबीर सिंह लेह में हैं। फिल्म के अन्य सितारों में संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल व अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म एक बड़े खुफिया ऑपरेशन पर आधारित है। फिल्म इसी साल 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दिखाई जाने वाली है।