बिहार में तेज प्रताप यादव पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज, गाड़ी पर पुलिस का स्टिकर और सायरन लगाकर किया प्रचार.
पटना। बिहार में लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। तेज प्रताप यादव के नामांकन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक निजी बोलेरो वाहन पर पुलिस का स्टिकर और सायरन लगाकर प्रचार किया गया। इसका वीडियो वायरल हुआ था।
पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। जांच में स्पष्ट हुआ कि उक्त वाहन पुलिस का नहीं है और उस पर अवैध रूप से पुलिस का स्टिकर एवं सायरन लगाकर आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है। इसके बादर महुआ थाने में तेज प्रताप यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस संबंध में महुआ थाना कांड संख्या 1025/25, दिनांक 19.10.2025, धारा 319(2)/223/176 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। इसी क्रम में वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।