बिहार चुनाव के बीच विधायक अनिल कुमार पर पत्थरबाजी, कई घायल — 9 लोग हिरासत में.
बिहार चुनाव के बीच विधायक अनिल कुमार पर पत्थरबाजी, कई घायल — 9 लोग हिरासत में
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र में हिंसा की घटना सामने आई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रत्याशी और मौजूदा विधायक अनिल कुमार के जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने उन पर पत्थरबाजी कर दी।
![]()
यह घटना दिघौरा गांव की है, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक के काफिले पर ईंट-पत्थर से हमला किया। इस हमले में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, जबकि विधायक अनिल कुमार के सिर और हाथ में चोटें आईं। उनके कई समर्थक भी घायल हो गए हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस संबंध में पंचानपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल , दिघौरा गांव में नाली और सड़क निर्माण कार्य न होने को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही विधायक के प्रति नाराजगी थी। जब अनिल कुमार जनसंपर्क अभियान के तहत गांव पहुंचे, तो गुस्से में लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
विधायक को उनके सुरक्षाकर्मियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि इस दौरान भीड़ ने कई कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी और वाहनों को नुकसान पहुंचाया।