बिहार के दरभंगा में बोले गृह मंत्री अमित शाह-कांग्रेस और लालू कंपनी का बस चलता तो जम्मू-कश्मीर से धारा 370 नहीं हटती.
दरभंगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को बिहार में थे। उन्होंने दरभंगा में एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कांग्रेस और लालू कंपनी का बस चलता तो जम्मू कश्मीर से कभी भी धारा 370 नहीं हटती।
गृह मंत्री शाह ने कहा कि हमने मिथिला के सम्मान के लिए ढेर सारी चीजें की हैं। मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में रखा। मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग दिया। मखाना बोर्ड की स्थापना किया। यहां भव्य सीता माता का मंदिर बनने जा रहा है। साढ़े 500 साल से रामलला टेंट में थे, हमने अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनाने का काम किया।
शाह ने कहा एक जमाना था जब आतंकवादी भारत की भूमि को लहूलुहान करके चले जाते थे, कोई जवाब नहीं मिलता था। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में हम आतंकियों के घर में घुसकर मारते हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय में यहां पीएफआई बना, कोई बैन नहीं लगाता था। पीएम मोदी ने एक ही रात में पीएफआई पर बैन लगाकर, 100 से अधिक स्थानों पर रेड करके पीएफआई की पूरी जमात को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मैं आज वादा करके जाता हूं कि जब तक भाजपा का एक भी सांसद है तब तक एक भी पीएफआई वालों को जेल के बाहर आने नहीं देंगे।
पीएम-सीएम के लिए कोई सीट खाली नहीं
उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम या पीएम की कोई सीट खाली नहीं है। यहां नीतीश कुमार जी हैं और वहां मोदी जी। आपके लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव, कांग्रेस और तेजस्वी यादव ने बिहार को सिर्फ घोटाले दिए। चाहे वो चारा घोटाला हो या जमीन के बदले नौकरी का। मोदी सरकार ने जहां 4 लाख करोड़ की सड़कें बनाईं, वहीं कांग्रेस और आरजेडी ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया।