केदारनाथ धाम के कपाट वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, पीएम मोदी के नाम हुई पहली पूजा.
केदारनाथ धाम के कपाट वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, पीएम मोदी के नाम हुई पहली पूजा
आज शुक्रवार सुबह सात बजे वृष लग्न में पावन केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधिवत रूप से खोल दिए गए। इस शुभ अवसर पर हजारों श्रद्धालु कपाटोद्घाटन के साक्षी बने और पूरी केदारघाटी “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठी।
कपाट खुलने से कुछ ही समय पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ पहुंचे और कपाट उद्घाटन के तुरंत बाद बाबा के दर्शन किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा संपन्न की गई। कपाट खुलने के साथ ही धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई और हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि चार धाम यात्रा 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर शुरू हो चुकी है, और अब से दो दिन बाद भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सीएम धामी ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम अपने संपूर्ण वैभव में सज-संवरकर तैयार है। शुक्रवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधिपूर्वक कपाट उद्घाटन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव केदारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पाए। मुख्यमंत्री ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
इस मौके पर मंदिर को 108 क्विंटल फूलों और मालाओं से सजाया गया था। मौके पर शासन, प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारी तथा सुरक्षा बल तैनात रहे। केदारनाथ में रात्रि प्रवास के लिए 15,000 से अधिक श्रद्धालुओं की व्यवस्था की गई है।
कपाट खुलने के साथ ही दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।