जयपुर से मुंबई जा रही एयर इंडिया की उड़ान में तकनीकी खराबी, उड़ने के 18 मिनट बाद ही इमर्जेंसी लैंडिंग.
जयपुर। जयपुर से मुंबई जा रही एयर इंडिया के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण उड़ने के 18 मिनट बाद ही उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह फैसला तब लिया गया जब पायलट को उड़ान के दौरान कार्गो डोर के खुले होने का अलर्ट मिला।
बताया जाता है कि शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-612 को उड़ान भरने के मात्र 18 मिनट बाद इमरजेंसी में लौटकर लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट को शुक्रवार दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन यह निर्धारित समय से 23 मिनट की देरी से यानी दोपहर 1:58 पर टेकऑफ कर पाई। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर, लगभग 2:16 बजे पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर वापस जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद फ्लाइट AI-612 की इमरजेंसी लैंडिंग सफलतापूर्वक कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।