वाह गोलू भिया, पीआर एक्सरसाइज में आप भी कमजोर नहीं हो, सच बताओ-अगर सीएम नहीं आनेवाले होते तो कल ही अस्पताल से घर पहुंच गए होते ना.
इंदौर। हमारे क्षेत्र क्रमांक तीन के लोकप्रिय विधायक गोलू शुक्ला इन दिनों बीमार हैं। बीमारी की चर्चा कई दिनों से चल रही है। कल यानी शुक्रवार को जब सीएम डॉ.मोहन यादव उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे और मीडिया के पास फोटो आया, तब लोगों को भरोसा हुआ कि गोलू भिया सचमुच बीमार हैं। इससे पहले सिर्फ चर्चाएं थीं, क्योंकि वे बीमार होने के बावजूद सीएम के कार्यक्रम में भी दिखे थे और जब शिवराज सिंह चौहान इंदौर आए तो सबसे बाद में ही सही गोलू भिया मिलने जरूर पहुंचे।
खैर, बीमार होना किसी के वश में नहीं है। शरीर है तो बीमार भी होगा, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को भला कौन चुप कराए। जब आप शिवराज सिंह चौहान के स्वागत में इंदौर एयरपोर्ट नहीं पहुंचे तो भी कार्यकर्ताओं ने उड़ा दी कि गोलू भिया बीमारी का बहाना बना रहे हैं। अब आप ही के दल के नेता और कार्यकर्ता कह रहे हैं कि गोलू भिया की शुक्रवार को ही अस्पताल से छुट्टी होने वाली थी, लेकिन भिया को जैसे ही मालूम पड़ा कि सीएम डॉ.मोहन यादव उसी अस्पताल में भर्ती विधायक कालूसिंह ठाकुर को देखने आ रहे हैं, भिया ने तत्काल मन बदल लिया। हालांकि सीएम के जाने के बाद अपने बेड से उठकर आप भी कालूसिंह ठाकुर का हाल पूछने पहुंच गए। इसी को तो भाईचारा कहते हैं।
आज तो जबरदस्ती काट लिया ‘वनवास’
आप ही के कार्यकर्ता यह कह रहे हैं कि कल न सही आज तो गोलू भिया घर आ सकते थे, लेकिन लोग क्या कहेंगे के डर के मारे आज भी अस्पताल में वनवास काट लिया। गोलू भिया यह आपने अच्छा किया, नहीं तो लोग कहते कि आप बीमारी का बहाना बना रहे हो। और कोई ऐसी-वैसी बीमारी तो है नहीं कि जिसे छुपाना पड़े या जिसे किसी के सामने कहने में संकोच हो। पेट की गड़बड़ी है, हर किसी को होती है। अरे, भाभी के हाथ का पालक ही तो नुकसान कर गया। इसमें क्या, आजकल बरसात में हरी सब्जियां अच्छी नहीं आतीं।
बहुत जल्दी राजनीति सीख गए भिया
कार्यकर्ता कह रहे हैं कि अब गोलू भिया सीधे-सादे कांवड़ यात्रा वाले भिया नहीं रहे। जिन्होंने टिकट दिलवाया, उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि आप इतनी जल्दी राजनीति के सारे पाठ्यक्रम पढ़ जाओगे। माना कि यह जरूरी था। आपकी विधानसभा की परेशानी भी कार्यकर्ता समझते हैं। आपको टिकट दिलाने का दावा करने वाला खेमा भी आपका पीछा नहीं छोड़ रहा। विधानसभा तीन के कार्यकर्ताओं को ‘पूर्व’ की तरफ से भी निर्देश आ जाते हैं, लेकिन आपने इनकी परवाह नहीं की। गोलू भिया, सचमुच आप एक सच्चे और अच्छे राजनीतिज्ञ बनते जा रहे हो। इसी तरह लगे रहे, डटे रहो, बाधाओं को काटते रहो, अभी लंबा सफर बाकी है।