इंडिगो संकट को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भड़के राम मोहन नायडू, कहा-यह कोई राजनीतिक मामला नहीं.
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइन में पिछले कई दिनों से चल रहे सकट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टिप्पणी की थी। उन्होंने इसे मोनोपोली मॉडल का खामियाजा बताया था। इस पर नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने पलटवार करते हुए कहा है कि यह कोई राजनीतिक मामला नहीं है, बल्कि यह जनता से जुड़ा मुद्दा है।
मंत्री नायडू ने कहा कि सरकार ने हमेशा एविएशन सेक्टर में ज्यादा प्रतिस्पर्धा लाने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि हमने लीजिंग कॉस्ट कम करने के लिए कानून भी बनाए, ताकि ज्यादा विमान बेड़े में शामिल हो सकें। नायडू ने कहा कि राहुल गांधी अगर पूरी जानकारी के साथ बात करते तो बेहतर होता। मंत्री ने कहा कि देश में हवाई यात्रा की मांग बढ़ रही है, इसलिए यह सेक्टर में नए लोगों के आने का अच्छा मौका है, जिसे सरकार भी बढ़ावा दे रही है।
राहुल ने सरकार को ठहराया था जिम्मेदार
राहुल गांधी ने इंडिगो संकट के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द होने और हजारों यात्रियों के फंसने की घटना पर, लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इंडिगो की गड़बड़ी इस सरकार के मोनोपोली मॉडल की कीमत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम भारतीयों को देरी, कैंसिलेशन और लाचारी के रूप में इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की मांग करते हुए कहा, भारत मैच-फिक्सिंग मोनोपोली का नहीं, बल्कि हर सेक्टर में निष्पक्ष कॉम्पिटिशन का हकदार है।