बिहार में बहन प्रियंका के साथ बुलेट पर निकले राहुल गांधी, वोट अधिकार यात्रा के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर साधा निशाना.
पटना। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन दिनों बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। बुधवार को दरभंगा में बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी इसमें शामिल हुईं। दोनों एक बुलेट मोटरसाइकिल पर हेलमेट लगाकर बैठे थे। राहुल गांधी ने इस यात्रा के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। दरभंगा से यह यात्रा मुजफ्फरपुर पहुंची।

आज की यात्रा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी शामिल हुए। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मिलकर स्टालिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल और प्रियंका के स्वागत के लिए भारी भीड़ उमड़ी। कांग्रेस और महागठबंधन के नेताओं ने इस मौके पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और सही समय पर जवाब देगी।
ट्रंप को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना
मुजफ्फरपुर में वोटर अधिकार यात्रा रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने पाकिस्तान स्थित आतंकी कैंपों पर भारत की कार्रवाई तत्काल रोक दी थी और यह सब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर हुआ था। राहुल गांधी ने ट्रंप की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप ने जो कहा कि जब भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध चल रहा था तो मैंने नरेंद्र मोदी को फोन किया और कहा कि जो भी कर रहे हो, उसे 24 घंटे के भीतर बंद करो। नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे नहीं, बल्कि 5 घंटे में सब रोक दिया।