भुवनेश्वर में बोले राहुल गांधी-भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है चुनाव आयोग, बिहार का दिया हवाला.
भुवनेश्वर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस के संविधान बचाओ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भुवनेश्वर में थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। बिहार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में चुनाव को चोरी करने की साजिश कर रही है। भाजपा संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। चुनाव की चोरी के लिए चुनाव आयोग ने एक नई साजिश रची है। चुनाव आयोग भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है।
राहुल ने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए। कोई नहीं जानता कि ये मतदाता कौन थे और वे कहां से आए थे? हमने चुनाव आयोग से कई बार कहा कि हमें मतदाता सूची और वीडियोग्राफी उपलब्ध कराएं, लेकिन चुनाव आयोग ने हमें यह उपलब्ध नहीं कराया। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में मैंने विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं से कहा कि हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार चुनाव की चोरी नहीं करने देंगे।
ओडिशा सरकार ने गरीबों का धन चुराया
ओडिशा सरकार पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस सरकार का एक ही काम है, राज्य के गरीब लोगों के हाथों से ओडिशा का धन चुराना। पहले बीजद सरकार ने यही किया और अब भाजपा सरकार यही कर रही है। एक तरफ ओडिशा की गरीब जनता, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग, किसान और मजदूर हैं और दूसरी तरफ 5-6 अरबपति और भाजपा सरकार है। यह लड़ाई जारी है। केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, ओडिशा की जनता के साथ मिलकर, इस लड़ाई को जीत सकते हैं, कोई और नहीं।
अडाणी चलाते हैं ओडिशा सरकार
राहुल गांधी ने कहा कि अडाणी, ओडिशा सरकार चलाते हैं, अडाणी नरेंद्र मोदी को चलाते हैं। जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है, जब जगन्नाथ यात्रा के रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसे देखते हैं और इसका अनुसरण करते हैं। फिर एक नाटक होता है - अडाणी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं। इससे आपको ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ में आ जाएगा। यह ओडिशा सरकार नहीं है, यह अडाणी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है। इसका लक्ष्य आपकी जमीन, जंगल और भविष्य को चुराना है।