वोटर अधिकार यात्रा के बाद मलेशिया पहुंचे राहुल गांधी, भाजपा ने साधा निशाना-कांग्रेस के युवराज को सहन नहीं हुई बिहार की धूल और गर्मी.
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों को लेकर बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी। इसके समापन के बाद वे मलेशिया के लंगकावी में छुट्टियां मनाने गए हैं। भाजपा ने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगता है कि कांग्रेस के युवराज को बिहार की गर्मी और धूल सहन नहीं हुई।
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा- लगता है बिहार की राजनीति की गर्मी और धूल कांग्रेस के युवराज से सहन नहीं हुई, इसलिए उन्हें छुट्टी पर भागना पड़ा या फिर यह कोई गुप्त बैठक है, जिसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए। मालवीय ने राहुल गांधी की सफेद टोपी और जींस शॉर्ट्स में छुट्टी के दौरान की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि जब लोग असली मुद्दों से जूझ रहे हैं, तब राहुल गांधी गायब होने और छुट्टियां मनाने की कला को और परफेक्ट कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने बिहार में 16 दिनों तक वोटर अधिकार यात्रा निकाली। इस दौरान उनकी यात्रा बिहार के 23 जिले, 1300 किमी और 67 विधानसभा सीटों से गुजरी। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा 1 सितंबर को खत्म हो गई। राहुल और तेजस्वी सासाराम से निकले और पटना तक चले। यात्रा के रूट में 23 जिले कवर किए गए। इस दौरान राहुल गांधी 67 सीटों तक पहुंचे।