एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस दिसंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में करेगी बड़ी रैली, राहुल गांधी और खड़गे की बैठक में हुआ फैसला.
नई दिल्ली। कांग्रेस एसआईआर को बड़ा मुद्दा बनाने जा रही है। इसके खिलाफ अब दिसंबर महीने में दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। यह फैसला मंगलवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की बैठक में लिया गया।
कांग्रेस की बैठक के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रैली की पुष्टि की है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग भाजपा और पीएम मोदी के लिए काम कर रहा है। केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की नियत लोकतंत्र और विपक्षी दलों को खत्म करने की है। वहीं खड़गे ने कहा कि कांग्रेस वास्तविक मतदाताओं को हटाने या फर्जी मतदाताओं को शामिल करने के हर प्रयास का पर्दाफाश करेगी? वह लोकतांत्रिक सुरक्षा उपायों का क्षरण नहीं होने देगी।
हथियार के रूप में एसआईआर का इस्तेमाल
खड़गे ने बैठक में कहा कि निर्वाचन आयोग को यह साबित करना होगा कि वह भाजप की छाया में काम नहीं कर रहा है। उन्होंने यह दावा भी किया कि बीजेपी एसआईआर का इस्तेमाल हथियार के रूप में करने की कोशिश कर रही है और अगर आयोग इसकी उपेक्षा करता है तो उसकी भी संलिप्तता मानी जाएगी।
12 राज्यों के पदाधिकारी बैठक में थे मौजूद
खड़गे ने उन 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारियों, राज्य इकाई प्रमुखों, कांग्रेस विधायक दल के नेताओं और सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की, जहां मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कवायद जारी है। पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे।
पांच करोड़ लोगों से करवाएंगे हस्ताक्षर
बैठक में चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा गया। चुनाव आयोग समाज के एक खास वर्ग को निशाना बना रही है। चुनाव आयोग इस देश के लोकतंत्र को बर्बाद कर रही है। चुनाव आयोग विपक्ष को बर्बाद करना चाहती है। बैठक में फैसला लिया गया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर के खिलाफ बड़ा प्रदर्सन होगा। कांग्रेस एसआईआर के खिलाफ एक हस्ताक्षर अभियान भी चला रही है। देशभर में करीब 5 करोड़ लोगों से हस्ताक्षर करवाया जाएगा।