बंगाल चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान: 2026 में सभी 294 सीटों पर अकेले उतरेगी पार्टी.
बंगाल चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान: 2026 में सभी 294 सीटों पर अकेले उतरेगी पार्टी
पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने एक अहम और रणनीतिक फैसला लेते हुए घोषणा की है कि वह राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
यह निर्णय कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में लिया गया । बैठक के बाद कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर साफ कर दिया कि वह न तो तृणमूल कांग्रेस और न ही सीपीआई(एम) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे के साथ किसी भी तरह का गठबंधन या सीट शेयरिंग करेगी।
कांग्रेस के महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि राज्य में गठबंधन की राजनीति से पार्टी को पहले नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा, “पिछले गठबंधन अनुभवों ने जमीनी स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमजोर किया, जिससे संगठन को नुकसान पहुंचा। सभी राज्य नेताओं से व्यापक चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि कांग्रेस अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।”
पार्टी का मानना है कि अकेले चुनाव लड़ने से न सिर्फ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस फैसले को ध्यान में रखते हुए अब राज्य में चुनावी तैयारियां तेज की जाएंगी।
कांग्रेस के इस कदम को पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले महीनों में सियासी समीकरणों पर साफ नजर आ सकता है।