कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फिर साधा चुनाव आयोग पर निशाना, एक्स पर लिखा-चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा.
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को एकबार फिर से चुनाव आयोग पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग का नाम लिए बिना कहा कि चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा। गुरुवार को राहुल गांधी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर निशाना साधा था।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा-सुबह 4 बजे उठो, 36 सेकंड में 2 वोटर मिटाओ, फिर सो जाओ - ऐसे भी हुई वोट चोरी! चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा, चोरों को बचाता रहा। राहुल गांधी ने कल की अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस का 36 सेकेंड का वीडियो भी शेयर किया है। गुरुवार को प्रेस कान्फ्रेंस के बाद भी राहुल ने एक्स पर लिखा था कि देश के युवा, देश के छात्र, देश की जेन जी, संविधान की रक्षा करेंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी रोकेंगे। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा हूं। जय हिंद! राहुल ने सोशल मीडिया पर कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बहाने बनाना बंद करके। सबूत कर्नाटक सीआईडी को तुरंत देने चाहिए। राहुल ने कहा कि जब कांग्रेस के अलंद के उम्मीदवार ने धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया, तो स्थानीय चुनाव आयोग के अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज की, लेकिन सीआईडी जांच को सीईसी ने रोक दिया।
गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि मैं युवाओं और जनता को इस बात का स्पष्ट सबूत दिखाने जा रहा हूँ कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों को संरक्षण दे रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है। मैं आपको वोट जोड़ने, हटाने के तरीके भी दिखाऊंगा और यह भी दिखाऊंगा कि यह कैसे किया जाता है। इसके बाद चुनाव आयोग ने बयान जारी कर राहुल के आरोपों को निराधार बताया था।