केरल में पहली बार मेयर पद हासिल कर भाजपा ने रचा इतिहास, वीवी राजेश बने तिरुवनंतपुरम के मेयर.
तिरुवनंतपुरम। केरल के नगर निकाय चुनाव के दौरान तिरुवनंतपुरम में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली भाजपा ने मेयर का चुनाव भी जीत लिया है। तिरुवनंतपुरम में वीवी राजेश भाजपा से मेयर चुने गए हैं। यहां 45 सालों से लेफ्ट का कब्जा था।
भाजपा के लिए यह जीत उत्साहित करने वाली है, क्योंकि कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। राजेश को भाजपा के 50 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय का समर्थन भी मिला है। 101 सीटों वाले तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मेयर के चुनाव में एलडीएफ उम्मीदवार आरपी शिवाजी को 29 और यूडीएफ प्रत्याशी को 17 वोट ही हासिल हुए। पदभार ग्रहण करने के बाद पहले संबोधन में उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे, सबको साथ लेकर चलेंगे। राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम के सभी 101 वार्डों में विकास कार्य लागू किया जाएगा और तिरुवनंतपुरम को एक विकसित शहर बनाया जाएगा।