विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों को लिखी चिट्ठी, कहा- आओ, पश्चिम बंगाल को फिर से करें जिंदा.
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसके लिए सभी पार्टियां तैयारी में जुटी हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम एक चिट्ठी लिखी है। पीएम मोदी ने लिखा है कि भारत माता के वीर सपूत ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अथक प्रयासों से ही आज पश्चिम बंगाल भारत का एक अभिन्न अंग है। आइए, उनके सपनों के पश्चिम बंगाल को फिर से जिंदा करें और कंधे से कंधा मिलाकर 2026 में विकसित पश्चिम बंगाल बनाने की शपथ लें।
पीएम मोदी की यह चिट्ठी डोर-टू-डोर कैंपेन के दौरान पश्चिम बंगाल के सभी लाभान्वित लोगों को बांटा जा रहा है। इस पत्र में लिखा है, 'मेरे प्यारे पश्चिम बंगाल वासियों, जय मां काली। अब बस कुछ ही महीने में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जाएगा। आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह आपके सोचे-समझे फैसले पर निर्भर करता है। मेरे सोनार बंगाल के सपने देखने वाला हर एक जवान, बूढ़ा और महिला आज बहुत पीड़ा में हैं। उनके पीड़ा से आज मेरा हृदय भी व्यथित है। इसलिए, मैंने मन की गहराइयों से एक संकल्प लिया है, पश्चिम बंगाल को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प।

पीएम ने लिखा-राज्य की जर्जर हालत से व्यथित है मन
पीएम मोदी ने लिखा है कि स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल देश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करता था और औद्योगिक विकास में अग्रणी था। लेकिन आज इस गौरवशाली राज्य की जर्जर हालत देखकर मेरा मन व्यथित हो उठता है। पिछले छह दशकों के कुशासन और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल को ही अपूरणीय क्षति हुई है, उसे बयान नहीं किया जा सकता।
घुसपैठियों का भी किया है जिक्र
पीएम मोदी ने लिखा है कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद ने जिस बंगाल का सपना देखा था, वह आज बोट बैंक की संकीर्ण राजनीति, हिंसा और अराजकता में जकड़ा हुआ है और यह हम सबके लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पश्चिम बंगाल की धरती के सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आजादी के ललकार ने कभी पूरे देश को प्रेरित किया था, आज उनकी ही पवित्र भूमि अवैध घुसपैठ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से कलंकित है। कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर का सोनार बंगाल पर नकली वोटर हावी हो रहे हैं। अराजकता के अंधेरे में डूबते पश्चिम बंगाल को देखकर आज पूरा देश चिंतित है।
एनडीए सरकार के काम गिनाए
पीएम मोदी ने लिखा है कि अब परिवर्तन अनिवार्य है। देश के कई राज्यों में आज जीवन स्तर बेहतर हुआ है, गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आई है। 'आयुष्मान भारत' से स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, युवाओं को रोजगार मिला है और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। पश्चिम बंगाल भी इस विकास और प्रगति का पूरा हकदार है। पिछले 11 सालों में देशवासियों के आशीर्वाद को ताकत बनाकर मेरी सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राज्य सरकार के असहयोग और विरोध के बावजूद, आज पश्चिम बंगाल के करीब 5 करोड़ लोग 'जन-धन योजना के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं। 'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत राज्य में 85 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है।