देश में सर्दी ने दी दस्तक: उत्तर भारत में तापमान गिरा, दक्षिण में बारिश का अलर्ट जारी.
देश में सर्दी ने दी दस्तक: उत्तर भारत में तापमान गिरा, दक्षिण में बारिश का अलर्ट जारी
देश भर में मौसम ने करवट ले ली है। उत्तर भारत में ठंड तेजी से बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट जारी है, वहीं तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचने लगा है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटों में उत्तर आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, रायलसीमा, उत्तर तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश हुई।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई।
अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान
अगले 24 घंटों में केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से बहुत हल्की बारिश संभव है।
वहीं, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत की स्थिति
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जबकि वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर बनी हुई है। आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों तक तेज हवाएं चलेंगी और ठंड का एहसास और बढ़ेगा, हालांकि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में भी अब हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा और ठंड बढ़ेगी।
पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में ठंड बढ़ी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
पहाड़ों पर जमी बर्फ की सफेद चादर अब मैदानी इलाकों में ठंड का असर बढ़ा रही है, जिससे सर्दी का मौसम आधिकारिक तौर पर दस्तक दे चुका है।