हिमाचल में बर्फ़ का कहर: मनाली–अटल टनल पर भारी हिमपात, लाहौल घाटी से संपर्क टूटा.
हिमाचल में बर्फ़ का कहर: मनाली–अटल टनल पर भारी हिमपात, लाहौल घाटी से संपर्क टूटा
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। सोमवार देर रात से मनाली, सोलंगनाला और अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी हिमपात हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि पर्यटन स्थल सोलंगनाला में करीब एक फ़ुट ताज़ी बर्फ जम चुकी है, जबकि रात भर हुई बारिश के चलते लाहौल घाटी का मनाली से संपर्क पूरी तरह कट गया है।
भारी स्नोफॉल के कारण रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिए गए हैं। बर्फबारी की वजह से पहले से ही इन दर्रों पर यातायात रोक दिया गया था, लेकिन ताज़ा हिमपात ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।
अटल टनल के दोनों छोर समेत पूरी लाहौल घाटी में हिमपात शुरू हो गया है, जिससे लाहौल-स्पीति में फिलहाल वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। मनाली से पलचान तक वाहन चल रहे हैं, लेकिन पलचान से अटल टनल की ओर ट्रैफिक पूरी तरह बंद है।
हिमपात के बीच मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन ने ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और फंसे पर्यटकों को राहत देने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।