मुंबई बीएमसी चुनावों के लिए उद्धव-राज ठाकरे ने जारी किया घोषणा पत्र, एक बार फिर मराठी कार्ड खेलने की कोशिश.
मुंबई। बीएमसी चुनावों के लिए रविवार को उद्धव-राज ठाकरे ने यूबीटी-मनसे का वचनपत्र यानी घोषणापत्र जारी कर दिया है। 20 साल बाद राज ठाकरे दादर स्थित शिवसेना भवन पहुंचे। उन्होंने उद्धव ठाकरे के साथ शिवसेना यूबीटी-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और एनसीपी पवार का घोषणापत्र लांच किया। इस घोषणा पत्र में कई लोक लुभावन वादों के साथ मराठी कार्ड खेलने की कोशिश भी की गई है।
5 जनवरी को दोनों भाई मुंबई बीएमसी चुनावों के लिए पहली संयुक्त रैली करेंगे। इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। पार्टी ने तरफ से वचननामा को बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 के लिए शिवशक्ति का मुंबईकरों के लिए वादा कहा गया है। शिवसेना यूबीटी और मनसे ने अपने घोषणापत्र में वादा किया है कि चुनाव जीतने पर बीएमसी नर्सरी स्कूल शुरू करेगी। इनमें कामकाजी माता-पिता और कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल की जाएगी।
युवाओं से किया रोजगार का वादा
इसके साथ वचननामा में बालासाहेब ठाकरे सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट फंड स्कीम का ऐलान किया है। इसके तहत एक लाख युवाओं को 25,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक का सेल्फ-एम्प्लॉयमेंट असिस्टेंस फंड और 25,000 गिग वर्कर्स और डब्बावालों को ई-बाइक के लिए बिना ब्याज वाला लोन देंगे। रोजगार के मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में जरूरी खाली जगहें भरने का वादा किया गया है। ठाकरे भाईयों ने कहा है कि जो मराठी युवा रोज़गार के लिए मुंबई आना चाहते हैं, उनके लिए हॉस्टल बनाएंगे।
महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
राज और उद्धव ठाकरे के संयुक्त शिवशक्ति मेनिफेस्टो में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। महिला गृहणियों का पंजीकरण कर उन्हें हर महीने 1500 रुपये की स्वाभिमान निधि दी जाएगी। इसके साथ ही 1500 रुपये में भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि महंगाई से राहत मिल सके। कामकाजी माता-पिता और कामकाजी महिलाओं के लिए डे-केयर सेंटर शुरू करने का भी वादा किया गया है।
महाराष्ट्र को यूपी-बिहार की तरह चलाने की कोशिश
राज ठाकरे ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि वह सत्ता से कभी दूर नहीं जाएगा, तो यह उसका भ्रम है। जो आज कर रहे हैं, उसका भुगतान उन्हें भविष्य में करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र को यूपी-बिहार की तरह चलाने की कोशिश हो रही है। राज ठाकरे ने जोर देकर कहा कि यह महाराष्ट्र है। यहां हर नेता और मेयर मराठी ही होगा। इस शहर में मराठी का मान रखना ही होगा।
उद्धव ठाकरे ने भी किया मराठी मेयर का वादा
उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुंबई का मेयर मराठी ही होगा। उद्धव ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा मराठी आदमी को हिंदू नहीं समझती? उन्होंने आरोप लगाया कि बिना विरोध के जीत की एक नई तकनीक शुरू की गई है, साम, दाम, दंड, भेद सब अपनाया जा रहा है। उद्धव ठाकरे ने कहा विधानसभा के चेयरमैन राहुल नार्वेकर का खुलेआम उम्मीदवारों और वोटरों को धमकी देना बहुत चौंकाने वाला है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें तुरंत सस्पेंड किया जाना चाहिए।