महाराष्ट्र में संजय राउत की किताब पर सियासत गर्म, शिंदे बोले-बालासाहेब ठाकरे खुद पीएम मोदी का करते थे समर्थन.
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत की किताब पर सियासत गर्म है। भाजपा नेता इस पर लगातार सवाल उठा रहे हैं, वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी राउत को आड़े हाथों लिया है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे खुद नरेंद्र मोदी का समर्थन करते थे और अब उन्हीं की पार्टी के नेता बाल ठाकरे की विचारधारा छोड़ पीएम मोदी पर आरोप लगा रहे हैं।
शिंदे ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने खुलेआम नरेंद्र मोदी को सपोर्ट किया था। पीएम मोदी हिन्दुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाले व्यक्ति हैं। वो जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब बाला ठाकरे ने उन्हें खुलेआम समर्थन दिया था, क्योंकि उन्हें पता था कि नरेंद्र मोदी एक देशभक्त हैं। वह राष्ट्र को आगे बढ़ाने वाले नेता हैं, इसलिए राज्य और देश, दोनों को पीएम मोदी की जरूरत है। तब भी बाल साहेब ठाकरे को यह बात पता थी, इसलिए वे नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पीछे खड़े थे।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि नरेंद्र मोदी जो करते हैं, खुलेआम करते हैं। छुप-छुप कर बंद दरवाजे के पीछे काम नहीं करते। आज देश को आगे बढ़ाने और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने का काम किसने किया है? यह काम केवल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। इसलिए बालासाहेब ठाकरे के विचार यही थे। उनकी भूमिका भी राष्ट्रभक्त की थी।
उद्धव ठाकरे की पार्टी पर साधा निशाना
शिवसेना यूबीटी पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि अब ये लोग क्या-क्या करते हैं? बालासाहेब ठाकरे की नकली आवाज निकालते हैं। बाल ठाकरे की विचारधारा छोड़ने का जो पाप इन लोगों ने किया है, वही उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इसलिए ही इन्होंने ऐसी किताब निकाली। शिंदे ने आगे कहा कि आज पूरे देश और दुनिया में पीएम मोदी के काम का नाम है। उन्होंने पहलगाम में बहनों का सिंदूर उजाड़ने वाले पाकिस्तान के आतंकियों से बदला लेने का काम किया। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के एयरबेस तहसनहस कर दिए।