स्मृति मंधाना से ब्रेकअप के बाद नया विवाद: पलाश मुछाल पर ₹40 लाख की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप.
स्मृति मंधाना से ब्रेकअप के बाद नया विवाद: पलाश मुछाल पर ₹40 लाख की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप
भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना से ब्रेकअप के बाद म्यूज़िक कंपोजर और सिंगर पलाश मुछाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कहीं ज़्यादा गंभीर है। महाराष्ट्र के सांगली ज़िले में पलाश के ख़िलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें उन पर ₹40 लाख की ठगी का आरोप लगाया गया है।
यह शिकायत 34 वर्षीय एक्टर और प्रोड्यूसर विद्यान माने ने दर्ज कराई है। माने ने सांगली के पुलिस अधीक्षक से पलाश मुच्छल के ख़िलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआती जांच जारी है।
शिकायत के मुताबिक, पलाश ने विद्यान माने को एक फ़िल्म प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए कहा था और बदले में उन्हें एक अहम रोल देने का वादा किया गया था। माने का दावा है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट में ₹40 लाख निवेश किए, लेकिन न तो फ़िल्म बनी और न ही उनके पैसे लौटाए गए।
यह पहला मौका नहीं है जब पलाश किसी विवाद में घिरे हों। इससे पहले वह अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। दरअसल, कुछ समय पहले पलाश और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना की शादी की खबरें सामने आई थीं। दोनों की सगाई भी हो चुकी थी, लेकिन शादी से ठीक पहले दोनों ने अपने रिश्ते को खत्म कर दिया।
ब्रेकअप के बाद सोशल मीडिया पर पलाश को लेकर कई तरह के आरोप लगाए गए। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उन्होंने स्मृति को धोखा दिया था। यहां तक कि यह भी कहा गया कि वह स्मृति से शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन साथ ही किसी और से डेट पर जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कथित चैट्स के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
हालांकि, शादी टूटने की असली वजह को लेकर कभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। अब पलाश और स्मृति दोनों अपनी-अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन पलाश से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे।